वर्चुअल रिएलिटी का साथ

Afeias
28 Apr 2020
A+ A-

Date:28-04-20

To Download Click Here.

कोरोना महामारी की जंग ने मानव समुदाय को जैसे असहाय सा कर दिया है। इससे जूझने के लिए हमारे पास गिने-चुने हथियार है, जिनमें तकनीक एक साधन है। तकनीक की मदद से आज घर बैठे हम अनेक मोर्चो पर काम कर पा रहे हैं। इससे यह स्पष्ट है कि मानवता के इस अंधकारमय काल में तकनीक ही सबसे बड़ा सहारा है।

केंद्र के हाल के दिशानिर्देशों में टेलीमेडिसीन सेवाओं के व्यापक उपयोग पर बल दिया गया है। इससे न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व के दूरदराज क्षेत्रों में अस्पतालों तक न पहुंच पाने वालों के लिए सुविधा की स्थिति हो जाएगी। इतना ही नहीं, बल्कि अस्पतालों की भीड़ को कम किया जा सकेगा, असंख्य लोगों को चिकित्सकीय और मानसिक स्वास्थ्य परामर्श दिया जा सकेगा।

तकनीक का दूसरा उपयोग शिक्षा के क्षेत्र में भी सफलतापूर्वक किया जा रहा है। विश्व के असंख्य विद्यार्थियों को आज स्कूल-कॉलेजों से दूर होना पड़ रहा है। ऐसे में उन्हें शिक्षा से विमुख तो नहीं किया जा सकता। लगभग सभी शिक्षण संस्थान ऑनलाइन स्रोंतों को अपनाकर अबाध्य शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।

सरकारी कामकाज की बात करें, तो भी तकनीक की भागीदारी उतनी ही महत्वपूर्ण नजर आती है। सोशल डिस्टेंसिंग के साथ आज सभी मंत्रालयों और विभागों का कामकाज सुचारू रूप से चलाने में तकनीक का ही योगदान है। कार्पोरेट क्षेत्र में ‘वर्क फ्रॉम होम‘ ने स्थिति को संभाल रखा है। टेलीकांफ्रेसिंग के जरिए सरकार विभिन्न राज्यों से हर कदम पर संपर्क बनाए हुए है। देश के अत्यंत महत्वपूर्ण मामलों पर तत्काल ही कदम उठा सकने की क्षमता भी तकनीक की ही देन है।

हमारे स्मार्टफोन ने आज कांटेक्ट लैस डिलीवरी को संभव बना दिया है। हम डिलीवरी के लिए आए व्यक्ति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, और डिलीवरी कंपनियां भी पॉजिटिव केस वाले क्षेत्रों को आसानी से मैप कर सकती हैं। फोन से, ई-पेमेंट करके करंसी से वायरस के फैलाव को कम किया जा सकता है।

ड्रोन के जरिए कोरोना के फैलाव की जानकारी प्राप्त करने में बहुत मदद मिली है। इसके अलावा इस माध्यम से जगह-जगह पर जागरूकता लाने, संक्रमण से लड़ने के लिए कीटाणुरोधकों का छिडकाव करने में सफलता मिल सकी है।

वायरस के फैलाव के साथ ही तकनीक के कारण बहुत सी गलत सूचनाओं का भी प्रसार होता गया था, जिस पर जल्द ही काबू पा लिया गया। तत्पश्चात् इससे जुड़ी अनेक उपयोगी सूचनाओं का प्रसार किया गया।

व्यवसाय उद्योग ने ऑनलाइन मीटिंग सॉफ्टवेयर, एलबीएस तकनीक, जूम टेलीकांफ्रेंसिंग और ईआरपी प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी गति को बनाए रखा है।

इस महामारी ने मानव जीवन में तकनीक के महत्वपूर्ण योगदान को समझने में बड़ी भूमिका निभाई है। आज हम न केवल इसके बहुआयामी क्षेत्र को समझने में सक्षम हैं, बल्कि लॉकडाउन में जकड़े जीवन के मध्य इसके अनेक लाभ उठाकर जीवन को सुगम बनाने का मार्ग ढूंढ रहे हैं। यही इसकी सफलता है।

विभिन्न स्रोतों पर आधारित

Subscribe Our Newsletter